52 लाख विद्यार्थियों के खातों में तीन सौ करोड़ की छात्रवृत्ति ट्रांसफर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी पढ़ाई के लिए पैसे की कोई कमी सरकार आने नहीं देगी, बस उन्हें अपने लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्राण प्रण से जुटना होगा। यह बात उन्होंने प्रदेश के 52 लाख से अधिक विद्यार्थियों के बैंक खातों में तीन सौ करोड़ रुपए की छात्रवृत्ति उनके बैंक खाते में अंतरित करने के दौरान भोपाल में कही। मुख्यमंत्री गुरुवार को भोपाल सहित खंडवा और विदिशा में भी आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में जाएंगे। वहीं वे नर्मदापुरम, विदिशा सहित प्रदेश के 6 जिलों के किसानों को भी राहत राशि गुरुवार दोपहर में देने जा रहे हें।
मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से अलग ही अंदाज में बातचीत की। उन्होंने पूछा कि कौन-कौन उद्योगपति, डॉक्टर, इंजीनियर, नेता बनना चाहता है। जिस पर अधिकांश बच्चों ने डॉक्टर बनने के लिए हाथ उठाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने रखने के लिए राजनीति में भी कुछ को आना चाहिए। वे सांसद, विधायक से लेकर राष्ट्रपति तक बन सकते हैं।
रोचक अंदाज बच्चों के साथ हास-परिहास
उन्होंने अपने वित्त विभाग को लेकर भी विद्यार्थियों के सामने हास- परिहास करते हुए रोचक अंदाज में बात कही। उन्होंने कहा कि जैसे आप अपने मम्मी-पापा से पैसे मांगते हो तो वे शाम को देंगे करते हैं, वैसे कई बार हमारे वित्त विभाग के साथ भी हो जाता है, लेकिन चिंता की बात नहीं हम पैसे की कमी पढ़ाई में नहीं आने देंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि प्रदेश सरकार के सांदीपनि विद्यालय ऐसे बन रहे, उनकी पढ़ाई इतनी अच्छी हो रही कि प्रायवेट स्कूल वाले भी सिर पकड़ ले रहे हैं, कह रहे हैं कि हमारा क्या होगा।
6 जिलों के किसानों को दी राहत राशि
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सिंगल क्लिक के माध्यम से प्राकृतिक आपदा, कीट व्याधि, पीला मोजेक ,अतिवृष्टि से हुई फसल क्षति की राहत राशि 6 जिलों के पीड़ित किसानों के बैंक खातों में रिलीज करेंगे, साथ ही वे प्रभावित हितग्राहियों से चर्चा भी करेंगे। विदिशा, हरदा, नर्मदापुरम, खंडवा, शाजापुर एवं अलीराजपुर जिले में मानसून काल 2025 में प्राकृतिक आपदा,कीट व्याधि,पीला मोजेक अतिवृष्टिआदि से फसल क्षति हुई है। इन जिलों को राहत राशि दी जा रही है।