नर्मदा परिक्रमा बस पलटी: बड़वानी के पहाड़ी मार्ग पर 30 से अधिक श्रद्धालु घायल

जिले के पहाड़ी इलाके में बोकराटा-खेतिया मार्ग पर शुक्रवार सुबह नर्मदा परिक्रमा कर रहे यात्रियों से भरी एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस का नंबर एमपी 46 जेड पी 7986 था और इसमें महिलाएं, पुरुष सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु सवार थे। हादसे में 30 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। सूचना पाते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।

जानकारी के मुताबिक, बस सुबह बोकराटा से खेतिया की ओर निकली थी। करीब साढ़े नौ बजे बायगौर गांव के पास यह दुर्घटना हुई।

मृतकों की संख्या को लेकर पुलिस और प्रशासन ने अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को खेतिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस में सवार लोग अलग-अलग जगहों के रहने वाले हैं। ये नर्मदा परिक्रमा वाले यात्री ओंकारेश्वर से बड़वानी पहुंचे थे और वहां से बोकराटा-खेतिया होते हुए महाराष्ट्र के प्रकाशा जा रहे थे कि तभी यह हादसा हो गया। खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। बड़वानी से भी कई लोग निजी वाहनों से मौके की ओर रवाना हुए।

बस एक तरफ झुककर पलटने से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। ग्रामीणों और पुलिस के सहयोग से घायलों को फौरन बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। लोगों ने रास्ता रोककर बस को सीधा करने का प्रयास शुरू कर दिया है, जबकि पानसेमल से क्रेन रवाना हो चुकी है।

गुरुवार शाम राजघाट से चले थे यात्री

बस में सवार परिक्रमा करने वाले श्रद्धालु गुरुवार शाम शहर से करीब पांच किलोमीटर दूर रोहिणी तीर्थ के नर्मदा किनारे बैकवाटर पर आरती-पूजन के बाद पाटी की ओर रवाना हुए थे। बोकराटा में रातभर विश्राम करने के बाद सुबह आगे बढ़े थे, तभी यह हादसा हुआ। बस में कुल कितने यात्री थे और वे कहां-कहां से थे, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी उपलब्ध नहीं है।

पहाड़ी रास्ते और नेटवर्क की कमी से दिक्कत

बोकराटा-खेतिया के बीच मोबाइल नेटवर्क नहीं आता, जिससे पुलिस-प्रशासन को संपर्क में परेशानी हो रही है। यह सड़क पहाड़ी क्षेत्र को काटकर बनाई गई है, जो घुमावदार और घाटी वाली है।