बड़वानी के अंजड़ क्षेत्र में पहल फाइनेंस कंपनी में हुई करीब 6 लाख रुपए की वित्तीय धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने कंपनी के तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों को ग्राहकों से एकत्रित धन को कंपनी में जमा करने के बजाय गबन करने के आरोप में पकड़ा गया है।
मामला फरवरी 2025 में तब प्रकाश में आया, जब कंपनी के मैनेजर कपिल कलमोरिया ने अंजड़ थाने में गबन और धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई। कंपनी मैनेजर ने शिकायत में कहा था कि कंपनी के कुछ कर्मचारी खाताधारकों से वसूले गए पैसे जमा नहीं कर रहे हैं। जांच के दौरान पुलिस ने इन तीनों संदिग्धों से पूछताछ शुरू की।
आरोपी की गिरफ्तारी पर इनाम घोषित
एसपी जगदीश डावर ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 5000 रुपए का इनाम घोषित किया था। शनिवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों सतीश (25) पुत्र आत्माराम मोंगिया निवासी बिजोरी, इछावर थाना (सीहोर), कुलदीप (24) पुत्र गजराज खडेल निवासी सोनकच्छ (देवास) और नितिन (31) पुत्र कमलदास कलमे निवासी रामनगर (खंडवा) को उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया। अंजड़ थाना प्रभारी आर.आर. चौहान ने बताया कि जांच में साबित हुआ है कि तीनों कर्मचारियों ने पैसे तो वसूले, लेकिन कंपनी में जमा नहीं किए। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।