बिहार विधानसभा चुनाव से पहले दुलारचंद यादव हत्याकांड में मोकामा से जेडीयू प्रत्याशी अनंत सिंह की गिरफ्तारी के बाद केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही होती तो कल रात की कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार का रुख़ साफ़ है। जैसा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कहते हैं, “हम न किसी को फंसाते हैं, न ही बचाते हैं।”
गिरफ्तारी न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा
चिराग पासवान ने कहा कि यह गिरफ्तारी न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा है और सरकार किसी भी अपराधी को बख्शने वाली नहीं है। उन्होंने कहा, जैसे ही तथ्य और सबूत सामने आते हैं, तुरंत कार्रवाई की जाती है। हमारी सरकार में न्याय में कभी देरी नहीं होती। जो भी दोषी होगा उसे कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी।”
तेजस्वी यादव पर साधा निशाना
तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ऐसा अहंकार ठीक नहीं है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह केवल आरोप लगाने में व्यस्त है, जबकि सरकार पूरी तरह पारदर्शी तरीके से न्यायिक प्रक्रिया को अंजाम दे रही है।
प्रधानमंत्री मोदी के बिहार दौरे पर क्या कहा?
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे पर बोलते हुए चिराग पासवान ने कहा कि जब भी प्रधानमंत्री बिहार आते हैं, तो हमारे गठबंधन को फायदा होता है। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी ही बिहार को विकसित राज्य बनाएगी। उन्होंने आगे कहा कि राज्य में विकास और सुशासन को प्राथमिकता दी जा रही है और हर अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई सरकार की नीति का हिस्सा है।