महिला और बुजुर्गाे के साथ मारपीट करने का आरोप

विदिशा: मंगलवार को सिरोंज तहसील के ग्राम रतनबर्री निवासी एक परिवार के सदस्य कलेक्टोरेट पहुंचे और पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के नाम आवेदन दिया गया। इस दौरान परिवार के सदस्यों ने बताया कि सोमवार को दोपहर में देवपुर मंडल अध्यक्ष झार सिंह और उनके साथी लक्ष्मण सिंह, आकाश, गोपेश, मनोज, भैरव सिंह दांगी आदि ने परिवार की महिलाओं और बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट की गई।

जिससे उनको गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें इलाज के लिए सिरोंज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन वहां से डॉक्टर ने विदिशा रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। प्रहलाद सिंह पुत्र अमान सिंह ने कहा कि इन लोगों द्वारा चार- पांच ट्रैक्टर लाकर हमारी भूमि पर जबरन कब्जा किया जा रहा था। हम लोग कोई भी घर पर नहीं थे। केवल महिलाएं घर पर थीं। जब महिलाएं देखने पहुंची थी तो इस दौरान इन लोगों द्वारा महिलाओं के साथ धारदार हथियार और लाठी डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस हमारी कोई मदद नहीं कर रही है। जिस दौरान इन लोगों द्वारा हमारी भूमि पर ट्रैक्टर चलाए जा रहे थे उस दौरान मुगलसराय थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी वहां-वहां खड़े हुए थे। उन्होंने कहा कि मारपीट का मामला भी थाने में दर्ज नहीं किया गया है इसलिए वह पुलिस अधीक्षक को शिकायत करने आए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा उन्हें स्टे दे दिया गया है। इसके संबंध में सिरोंज एसडीएम द्वारा थाना प्रभारी मुगलसराय को पत्र  लिखकर अवगत कराया गया था ताकि जिन लोगों का भूमि पर कब्जा है यथावत रहने दिया जाए, लेकिन मुगलसराय थाना प्रभारी द्वारा पीड़ित परिवार की कोई मदद नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी राजनीतिक दबाव के कारण मंडल अध्यक्ष का ही साथ दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले की शिकायत पुलिस अधिकारियों से की जाएगी। उन्होंने कहा कि रणधीर सिंह द्वारा झार सिंह की पत्नी मालती बाई के नाम पर विक्रय किया है जो भूमि का विक्रय किया गया है उस भूमि पर रणधीर सिंह का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने आवेदन देकर मांग की है कि आरोपियों पर शीघ्र दंडात्मक कार्रवाई की जाए, जिससे कि आगे किसी प्रकार की कोई बड़ी घटना घटित होने से रुक सके। वहीं पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी द्वारा मुगलसराय थाना प्रभारी को फोन लगाकर मामले को गंभीरता से लेने की बात कही और इस मामले में पीड़ित परिवार की मदद करने और मारपीट में मामला दर्ज करने के निर्देश दिए है।