अमेरिका में उड़ान भरते ही कार्गो प्लेन क्रैश, 7 लोगों की मौत की पुष्टि; आग बुझाने में आ रही मुश्किल

अमेरिका के केंटकी राज्य में बुधवार को  एक बड़ा विमान हादसा हो गया। लुईविल शहर में स्थित मोहम्मद अली इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद UPS कंपनी का एक कार्गो प्लेन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई लोगों के घायल होने की खबर है।

उड़ान भरने के कुछ सेकंड बाद ही हादसा

फेडरल एविएशन अथॉरिटी (FAA) के अनुसार, UPS फ्लाइट 2976 ने लुईविल एयरपोर्ट से हवाई के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के मात्र कुछ ही सेकंड बाद, विमान केवल 175 फीट की ऊंचाई तक पहुंचा और अचानक एयरपोर्ट के दक्षिणी हिस्से में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद तेज धमाका हुआ और आसमान में काले धुएं का घना गुबार छा गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में आग की भीषण लपटें दिखाई दे रही हैं।

95,000 लीटर फ्यूल से भड़की आग

UPS कंपनी ने इस बात की पुष्टि की है कि दुर्घटनाग्रस्त विमान में तीन क्रू मेंबर सवार थे। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान में लगभग 25,000 गैलन (करीब 95,000 लीटर) जेट फ्यूल भरा हुआ था। भारी मात्रा में ईंधन के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे दमकल विभाग को आग बुझाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। देर रात तक भी मलबे में लगी आग को पूरी तरह बुझाया नहीं जा सका था।

लिथियम बैटरी से आग लगने की आशंका

लुईविल मेट्रो पुलिस विभाग (LMPD) ने बताया कि इलाके में अफरा-तफरी मच गई है और एयरपोर्ट से 8 किलोमीटर तक का क्षेत्र सील कर दिया गया है। शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि विमान में लोड लिथियम बैटरियों की वजह से आग लगी हो सकती है, जो 2010 में हुए UPS फ्लाइट 6 के हादसे से मिलती-जुलती है।

नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) और FAA की संयुक्त टीम ने हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

एयरपोर्ट सील, लोगों से घर में रहने की अपील

सुरक्षा कारणों से लुईविल पुलिस ने एयरपोर्ट से 8 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को घर के अंदर रहने (shelter-in-place) की सलाह दी है। राहत और जांच कार्य में बाधा न आए, इसलिए फर्न वैली और ग्रेड लेन के बीच का रास्ता भी अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है।

केंटकी के गवर्नर एंडी बेशियर और लुईविल के मेयर क्रेग ग्रीनबर्ग ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है और प्रभावित लोगों के लिए प्रार्थना करने की अपील की है।