निगम-PWD जिम्मेदारी से झाड़ रहे पल्ला, सड़कों का अटका मेंटेनेंस

भोपाल: राजधानी की सड़कों के रखरखाव को लेकर नगर निगम और पीडब्ल्यूडी के बीच जिम्मेदारी की खींचतान फिर सामने आई है। अपेक्स बैंक तिराहे से बोर्ड ऑफिस चौराहा, लिंक रोड नंबर1, स्मार्ट रोड और वीआईपी रोड जैसी प्रमुख सड़कें दोनों ही विभाग अपनी नहीं मान रहे। नतीजा, इन सड़कों की हालत लगातार बिगड़ रही है, लेकिन मरम्मत का काम ठप है। असली बात यह है कि सड़कों की मरम्मत के झमेले में कोई भी नहीं उलझना चाहता है। इसलिये नगर निगम और पीडब्ल्यूडी दोनों ही कन्नी काट रहे हैं।

लगातार जर्जर हो रही सड़क

नगर निगम और पीडब्ल्यूडी दोनों ही प्रमुख सड़कों की मरम्मत का काम अपनी जिम्मेदारी नहीं मान रहे हैं। पीडब्ल्यूडी का कहना है कि सड़कों की मरम्मत केवल जीआईएस के लिए की गई थी और ये सड़कें नगर निगम की हैं। उसको इस पर अपना काम गंभीरता से करना चाहिए। दूसरी तरफ नगर निगम का कहना है कि ये सड़कें पीडब्ल्यूडी की हैं। इस विवाद के कारण सड़कों की हालत लगातार बिगड़ रही है और मरम्मत का काम पूरी तरह से ठप पड़ा है, जिससे गड्ढों और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।