भोपाल: राजधानी भोपाल में एक बार फिर से हेलमेट की बिक्री बढ़ गई है। फुटपाथों पर हेलमेट की दुकानें सज गई हैं। दाम भी अधिक वसूले जा रहे हैं। जो हेलमेट कुछ दिनों पहले 500 से लेकर 2000 रुपए तक बिक रहा था, अब वह 700 रूपए से लेकर 3000 रुपए पहुंच गया है। अधिकांश लोग अच्छी क्वालिटी के हेलमेट पंसद कर रहे हैं। दरअसल प्रदेश के 5 बड़े शहरों भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर और उज्जैन में दोपहिया वाहन पर पीछे बैठने वालों के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य हो गया है। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत यह नियम पहले से है, लेकिन अब इसमें सख्ती बरती जा रही है। 4 साल की उम्र से बड़े पिलियन राइडर (दोपहिया वाहन चालक के पीछे बैठने वाले) के हेलमेट न पहनने पर 300 रुपए का चालान बनता है। इस अभियान के दूसरे दिन भी भोपाल में ट्रैफिक पुलिस 18 पॉइंट्स पर चालानी कार्रवाई की जा रही है।