भोपाल: राजधानी में अब नगर निगम ने राजस्व बढ़ाने के लिये नयी योजना बनायी है। इसके चलते वार्ड कर्मचारी उन घरों में दस्तक देंगे जहां संपत्ति कर और जलकर सालों से नहीं भरा गया है। गत दिवस रेवेन्यू की समीक्षा बैठक में निगम कमिश्नर संस्कृति जैन ने सभी वार्ड द्वारा टैक्स वसूली की समीक्षा के दौरान उनकी वर्किंग पर भी चर्चा की। सभी जोन अधिकारियों से कहा गया है कि वह अपने कर्मचारियों की टीम को घर घर भेजे और वहां पर योजनाबद्ध तरीके से मकानों की सर्चिंग कर कागजात चेक करें।
संपत्ति छिपाने वालों की तलाश
राजधानी में अब बेनामी संपत्ति और घर-जमीन की जानकारी छिपाने वालों के लिये अब हर गली में दस्तक देकर कागजात चेक किये जाएंगे। दरअसल नगर निगम भोपाल अब ऐसी संपत्तियों पर कार्रवाई शुरू करने जा रहा है, जो अब तक निगम के रिकार्ड में नहीं हैं। मतलब ये संपत्तियां तो हैं, इनको खरीदने वाले भी हैं, लेकिन खरीददार सामने नहीं आना चाहते हैं। इसके लिए नगर निगम अब शहर की सभी संपत्तियों की जियो टैगिंग कराने जा रहा है। इससे कौन सा प्लॉट और घर किसका है, उसके बाद उसका भौतिक सर्वेक्षण भी करवाया जाएगा। ताकि पता चल सके कि निगम के कर्मचारियों ने कहां सही काम किया और कहां लापरवाही की।