मध्य प्रदेश की लाड़ली बहना योजना के तहत आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सिवनी में महिलाओं के खातों में 1500 रुपए की बढ़ी हुई किस्त ट्रांसफर करेंगे। अब तक हितग्राहियों को 1250 रुपए प्रति माह दिए जाते थे, लेकिन कैबिनेट की मंजूरी के बाद इसमें 250 रुपए की बढ़ोतरी की गई है।
इस बार 1 करोड़ 26 लाख 36 हजार महिलाओं के खातों में कुल 1587 करोड़ रुपए की राशि एक साथ डाली जाएगी। सरकार ने इस योजना के तहत अब तक 29 किस्तों में 44,900 करोड़ रुपए से अधिक की राशि ट्रांसफर की है।
नाम बदलकर ‘देवी सुभद्रा योजना’ करने की संभावना
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री आज इस योजना का नाम ‘लाड़ली बहना योजना’ से बदलकर ‘देवी सुभद्रा योजना’ किए जाने का ऐलान भी कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने भाई दूज के कार्यक्रम में इस बदलाव के संकेत दिए थे, जहां उन्होंने अपने संबोधन में इस योजना को ‘सुभद्रा योजना’ कहा था। हालांकि बाद में उन्होंने इसे सुधार लिया था।
वहीं, महिला एवं बाल विकास विभाग की आयुक्त निधि निवेदिता ने योजना के नाम परिवर्तन की जानकारी से इनकार किया है।
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर
सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य सिर्फ आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। इसके तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को विभिन्न विभागों की स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
श्रीकृष्ण-सुभद्रा संबंध से जुड़ी भावनात्मक अपील
भाई दूज के कार्यक्रम में सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा था कि भगवान श्रीकृष्ण और सुभद्रा का रिश्ता भाई-बहन के प्रेम और संरक्षण की सबसे सुंदर मिसाल है। जिस तरह श्रीकृष्ण ने अपनी बहन सुभद्रा की सुरक्षा और सम्मान का ध्यान रखा, उसी तरह राज्य सरकार भी हर लाड़ली बहन की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए समर्पित है।