धर्मेंद्र स्वस्थ होकर अस्पताल से घर लौटे

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और ‘ही-मैन’ के नाम से मशहूर धर्मेंद्र अब पूरी तरह ठीक होकर अस्पताल से अपने घर लौट आए हैं। उन्हें 1 नवंबर को स्वास्थ्य समस्या के चलते भर्ती कराया गया था। बुधवार सुबह एक एम्बुलेंस के जरिए उन्हें घर पहुंचाया गया। परिवार के फैसले के बाद डॉक्टरों ने उन्हें डिसचार्ज कर दिया।

सांस संबंधी परेशानी के कारण मुंबई के एक निजी अस्पताल में उन्हें एडमिट किया गया था। चिकित्सकों की टीम उनकी सेहत पर लगातार निगरानी रख रही थी और देशभर के प्रशंसक उनकी जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे थे। अब बुधवार को डिसचार्ज की खबर से फैंस को बड़ी राहत मिली है।

इससे पहले मंगलवार रात को सनी देओल, बॉबी देओल और उनके पोते करण व राजवीर को अस्पताल से लौटते देखा गया था। उनके चेहरे की चिंता देखकर प्रशंसकों की बेचैनी बढ़ गई थी। हालांकि, अब अभिनेता के घर लौटने की सूचना ने सबको सुकून दिया। सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें ब्रीच कैंडी अस्पताल से एम्बुलेंस बाहर निकलते दिख रही है।

उनका इलाज करने वाले डॉक्टर प्रतीत समदानी ने बताया कि सुबह करीब साढ़े सात बजे धर्मेंद्र को छुट्टी दे दी गई। घर पर ही उनका उपचार जारी रहेगा, क्योंकि परिवार ने यही व्यवस्था चुनी है। अभिनेता की बेटी ईशा देओल ने पहले ही बताया था कि पिता की तबीयत में सुधार हो रहा है। पत्नी हेमा मालिनी ने मीडिया से निजता का सम्मान करने की अपील की थी। मंगलवार रात तक अस्पताल में मिलने वालों का तांता लगा रहा।