गुजरात के भरूच जिले में स्थित जीआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र की एक केमिकल फैक्ट्री में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात भीषण विस्फोट हुआ। इस हादसे में तीन मजदूरों की जान चली गई और 24 से अधिक कर्मचारी चोटिल हो गए। घायलों को भरूच के अलग-अलग अस्पतालों में इलाज के लिए भर्ती किया गया है, जहां चार-पांच की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
जानकारी मिली है कि जीआईडीसी की ‘विशाल फार्मा’ कंपनी में रात करीब साढ़े दो बजे बॉयलर फटने से यह धमाका हुआ। विस्फोट की तीव्रता इतनी जबरदस्त थी कि पूरी इकाई आग की लपटों में घिर गई और पड़ोसी इकाइयों के शीशे तक चटक गए। इलाके में हड़कंप मच गया तथा आसपास के लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। धमाके की गूंज पांच किलोमीटर तक सुनाई दी।
सूचना मिलते ही दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। राहत-बचाव कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। मलबे में अभी और लोग दबे होने की आशंका को देखते हुए सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। प्रशासन का मानना है कि मरने वालों की तादाद बढ़ सकती है। हादसे की जांच के लिए आदेश जारी कर दिए गए हैं।