भोपाल: वित्तीय वर्ष 2025-26 के पुनरीक्षित अनुमान, वर्ष 2026-27 के बजट अनुमान और वित्तीय वर्ष 2027-28 एवं वित्तीय वर्ष 2028-29 के रोलिंग बजट की तैयारियों को लेकर वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव मनीष रस्तोगी प्रदेश के 54 सरकारी विभागों के सचिवों के साथ अलग-अलग चरणों में मंथन करेंगे। इसकी शुरुआत 5 दिसंबर को औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के साथ होगी। पंद्रह जनवरी तक चलने वाले इस मंथन म सबसे अंत में लोक परिसम्पत्ति विभाग के साथ चर्चा की जाएगी।
रोलिंग बजट और बजट अनुमान को लेकर विभागीय अधिकारियों, विभागाध्यक्ष, अपर सचिव, उपसचिवों के साथ अपर सचिव, उपसचिव वित्त स्तर पर बजट चर्चा हो चुकी है। अब विभागों के सचिव स्तर पर चर्चा की शुरुआत होने जा रही है। इसके लिए पूरा कार्यक्रम तय हो गया है। सभी 54 विभागों के अधिकारियों को वित्त विभाग ने अलग-अलग समय पर चर्चा के लिए आमंत्रित किया है। यह चर्चा पंद्रह मिनट से डेढ़ घंटे तक अलग-अलग विभागवार होगी। सभी बड़े विभागों से चर्चा के लिए अधिक समय तय किया गया है।
वित्त विभाग ने सभी प्रमुख विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिवों को निर्देशित किया है कि चर्चा के लिए जो समय तय है उसमें पूरी तैयारी के साथ समय से उपस्थित हों।