विजय सिन्हा का बड़ा बयान: पीएम मोदी की मौजूदगी में ही नीतीश लेंगे सीएम पद की शपथ

बिहार विधानसभा चुनाव में शानदार जीत दर्ज करने के बाद अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या नीतीश कुमार ही राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे या कोई नया चेहरा देखने को मिलेगा। इस बीच बिहार के डिप्टी सीएम और वरिष्ठ भाजपा नेता विजय सिन्हा का सीएम पद को लेकर बड़ा बयान आया है। जब विजय सिन्हा से पूछा गया कि क्या नीतीश कुमार अगले मुख्यमंत्री होंगे तो उन्होंने जवाब दिया कि इसमें अभी भी संशय क्यों है। यह पूछे जाने पर कि क्या शपथ ग्रहण समारोह 20 नवंबर को गांधी मैदान में होगा, विजय सिन्हा ने कहा कि जिस दिन प्रधानमंत्री मोदी बिहार आएंगे, उसी दिन नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

क्या कहा लालू परिवार में घमासान पर ?

इसके अलावा लालू परिवार में मचे घमासान और रोहिणी के आरोपों पर विजय सिन्हा ने कहा कि जो भी सत्ता का अपमान करता है, उसका सर्वनाश हो जाता है। आज हमारी माताएं और बहनें शक्ति के रूप में मौजूद हैं। उन्होंने आगे कहा कि लोगों के उत्साह को देखते हुए ऐसा लग रहा था कि 2010 जैसी जीत हासिल होगी।

जनता ने बिहार को गाली देने वालों को नकारा

विपक्ष पर निशाना साधते हुए विजय सिन्हा ने कहा कि बिहार को गाली देने वालों को जनता ने नकार दिया। राहुल और तेजस्वी ने सनातन संस्कृति पर हमला किया, जिसका उन्हें परिणाम भुगतना पड़ा। उन्होंने यह भी कहा कि अब तुष्टिकरण नहीं, बल्कि संतोष की राजनीति होगी। आपको बता दें कि बिहार में एनडीए ने 243 में से 202 सीटें हासिल कर शानदार जीत हासिल की है। एनडीए ने भले ही नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ा हो, लेकिन सीएम पद के लिए नीतीश कुमार का नाम आधिकारिक तौर पर फाइनल नहीं हुआ, जिसके बाद मुख्यमंत्री पद के लिए कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।