पहाड़ों की बर्फबारी से ठिठुरा आधा मध्यप्रदेश: शाजापुर सबसे ठंडा, 6 जिलों में कोल्ड वेव का अलर्ट

पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फबारी के कारण मध्यप्रदेश के आधे हिस्से में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। बीते 24 घंटों में शाजापुर प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहाँ न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। भोपाल, इंदौर, जबलपुर और उज्जैन सहित कुल 15 शहरों में पारा 10डिग्री से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग ने आज (गुरुवार) भोपाल, इंदौर समेत 6 जिलों में कोल्ड वेव यानी शीतलहर चलने का अलर्ट जारी किया है।

इस बार नवंबर के शुरुआती सप्ताह से ही प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो गया है। रात का पारा लगातार गिरने के कारण भोपाल में नवंबर की सर्दी का पिछले 84 साल का रिकॉर्ड टूट चुका है, वहीं इंदौर में भी पिछले 25 साल में सबसे अधिक सर्दी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने पूरे नवंबर महीने में तेज ठंड का दौर बरकरार रहने का अनुमान जताया है। हालांकि, अगले दो दिनों तक शीतलहर का अलर्ट जारी रहने के बाद इसमें थोड़ी राहत मिलने की संभावना है।

मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात प्रदेश के 15 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान राजगढ़ 6.5 डिग्री  के साथ सबसे ठंडा रहा। प्रमुख शहरों में भी पारे में गिरावट आई है; इंदौर में 6.9 डिग्री, भोपाल में 7.8 डिग्री, उज्जैन में 9.5 डिग्री और जबलपुर में 9.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। पर्यटन स्थल पचमढ़ी में 6.6 डिग्री और नौगांव में 8 डिग्री रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, आज (गुरुवार) जिन जिलों में शीतलहर चलेगी, उनमें भोपाल, इंदौर, देवास, सीहोर, शाजापुर और राजगढ़ शामिल हैं। इससे पहले बुधवार को शाजापुर का दिन कोल्ड डे दर्ज किया गया था, जबकि भोपाल, राजगढ़, इंदौर, शाजापुर, सीहोर, खंडवा, खरगोन, शहडोल और जबलपुर में शीतलहर चली थी।