मुजफ्फरनगर में एक हैरान कर देने वाला और दर्दनाक मामला सामने आया है, जहाँ एक रेप पीड़िता को उसकी माँ ने कोर्ट परिसर के बाहर बीच सड़क पर बेरहमी से पीटा और बालों से पकड़कर घसीटा। यह पूरी घटना वहाँ मौजूद लोगों ने रिकॉर्ड कर ली, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
दरअसल, यह पूरा विवाद आरोपी युवक द्वारा कोर्ट में पीड़िता से शादी करने का ऑफर दिए जाने के बाद शुरू हुआ। पीड़ित लड़की आरोपी से शादी करने की जिद पर अड़ गई, जबकि उसकी माँ इस रिश्ते के खिलाफ थी। माँ ने बेटी को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं मानी, तो माँ ने गुस्से में उसे थप्पड़ और घूंसों से पीटना शुरू कर दिया।
कोर्ट में हुई थी सुनवाई
यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के प्रकाश चौक के पास हुई। बुढ़ाना थाना क्षेत्र की निवासी लड़की ने हाल ही में एक युवक पर रेप का आरोप लगाया था, जिसके मुकदमे की सुनवाई शुक्रवार दोपहर को कोर्ट में थी। सुनवाई खत्म होने के बाद माँ-बेटी कोर्ट से बाहर निकलीं और तुरंत झगड़ने लगीं। माँ बेटी को समझा रही थी कि जिस लड़के ने उसके साथ गलत किया है, वह उसके लिए सही नहीं है। लेकिन बेटी वहां से भागने लगी, जिसके बाद माँ ने उसे पकड़कर सरेआम पीटना शुरू कर दिया।
पिटाई होते देख वहाँ लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने बीच-बचाव कराने की कोशिश की, लेकिन माँ ने किसी की बात नहीं सुनी। प्रकाश चौक पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने तुरंत सिविल लाइन पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी आशुतोष सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुँचकर दोनों को थाने ले आई। वहाँ पता चला कि युवक शादी करना चाहता है और लड़की भी तैयार है, लेकिन माँ इसके खिलाफ है। पुलिस ने दोनों माँ-बेटी को समझाने के बाद घर भेज दिया और मामले की जाँच की जा रही है।