यमुना एक्सप्रेस-वे पर बस पलटी, 20 यात्री घायल; 3 की हालत गंभीर

दिल्ली से रायबरेली जा रही एक तेज रफ्तार एसी स्लीपर बस रविवार देर रात यमुना एक्सप्रेस-वे पर बलदेव थाना इलाके के अनंतपुरा गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण हादसे में बस में सवार 35 यात्रियों में से कम से कम 20 लोग घायल हो गए, जिनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसा रात करीब 1 बजकर 15 मिनट पर हुआ। यात्रियों ने बताया कि बस की स्पीड बहुत अधिक थी और अनियंत्रित होने के बाद पलटी खाने के बाद वह कई मीटर तक घिसटती चली गई। चारों तरफ चीख-पुकार मच गई, क्योंकि कई यात्री बस के अंदर फंसे हुए थे और उन्हें चोटें आई थीं।

पुलिस ने शीशा तोड़कर यात्रियों को निकाला

थाना प्रभारी रंजना सचान ने बताया कि राहगीरों से सूचना मिलने के 13 मिनट के भीतर पुलिस मौके पर पहुँच गई। पुलिस ने तत्काल बस का शीशा तोड़कर फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल सलीम चौधरी, प्रियंका (18) और रविन्द्र (28) को तुरंत आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जबकि 17 अन्य घायलों को मामूली चोटें आई हैं और उन्हें मथुरा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल यात्रियों में अधिकांश रायबरेली और अमेठी के रहने वाले हैं।

हादसे के चलते सड़क पर आधे घंटे तक जाम लगा रहा, जिसे क्रेन की मदद से बस को हटाकर खुलवाया गया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसे के दो कारण सामने आ रहे हैं: तेज स्पीड और ड्राइवर को झपकी आना। फिलहाल खजूरी थाना पुलिस घटना की विस्तृत जाँच में जुटी हुई है।