राजधानी भोपाल के अपर लेक (बड़ा तालाब) में बुधवार, 26 नवंबर को 45वीं जूनियर नेशनल रोविंग चैंपियनशिप और 8वीं इंटर स्टेट चैलेंजर्स प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हो गया है। 30 नवंबर तक चलने वाली इस पाँच दिवसीय प्रतियोगिता में देशभर के 23 राज्यों से लगभग 400 एथलीट हिस्सा ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सीएम ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि, “हमारे लिए डबल खुशी है। हम रोविंग में नेशनल चैंपियन हैं और हमें इस चैंपियनशिप की मेजबानी का अवसर भी मिला है। चैंपियन होना और चैंपियनशिप को होस्ट करना यह हमें डबल दायित्व दिलाता है।”
भोपाल की बड़ी झील बनी ‘स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन’
कार्यक्रम में मौजूद मंत्री विश्वास सारंग ने भोपाल की बड़ी झील को देश में वाटर स्पोर्ट्स के लिए सबसे खूबसूरत और सबसे उपयोगी डेस्टिनेशन बताया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन देश, प्रदेश और खेल के इतिहास में ‘महाकुंभ’ के रूप में स्थापित होगा।
प्रतियोगिता का संचालन खेल विभाग द्वारा रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजन समिति ने बोट हाउस, वार्मअप ज़ोन, सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी सुविधाओं सहित सभी इंतजामों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया है, ताकि खिलाड़ियों को सर्वोत्तम और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धी माहौल मिल सके।
यह प्रतियोगिता मध्य प्रदेश की खेल क्षमताओं को बढ़ावा देने और राज्य में खेल पर्यटन को प्रोत्साहन देने का भी एक प्रयास है। कई युवा एथलीटों ने इस मंच से राष्ट्रीय टीम और एशियन गेम्स तक पहुँचने की उम्मीद जताई है।