Indigo ने अहमदाबाद-उदयपुर की 2 फ्लाइटें रद्द कीं, यात्रियों ने खोला मोर्चा

जयपुर एयरपोर्ट पर बुधवार की सुबह फ्लाइट संचालन में भारी गड़बड़ी आने से यात्रियों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। इंडिगो एयरलाइन ने एयरक्राफ्ट की कमी और तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए आखिरी वक्त पर जयपुर से उदयपुर और अहमदाबाद जाने वाली दो महत्वपूर्ण फ्लाइटों को रद्द कर दिया। इस अचानक हुए फैसले के बाद नाराज यात्रियों ने एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइंस के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

ऑपरेशनल कारणों से रद्द हुई उड़ानें

इंडिगो एयरलाइंस की दो उड़ानें प्रभावित हुईं:

  1. 6E-7217: जयपुर से अहमदाबाद (सुबह 8:10 बजे की उड़ान)।
  2. 6E-7465: जयपुर से उदयपुर (सुबह 6:55 बजे की उड़ान)।

फ्लाइट रद्द होने की सूचना मिलते ही अहमदाबाद और उदयपुर जाने वाले यात्रियों ने एयरपोर्ट पर एयरलाइन स्टाफ के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और इसे इंडिगो की घोर लापरवाही बताया। कई यात्रियों ने अपने ट्रैवल प्लान बिगड़ने का आरोप लगाते हुए तत्काल रिफंड की मांग की।

यात्रियों को वैकल्पिक उड़ान का प्रस्ताव

यात्रियों के विरोध के बाद इंडिगो एयरलाइंस ने ऑपरेशनल कारणों से फ्लाइट्स रद्द होने पर खेद जताया। एयरलाइन ने यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों में शिफ्ट करने का प्रस्ताव दिया और रिफंड देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि इससे पहले मंगलवार को भी जयपुर एयरपोर्ट का फ्लाइट शेड्यूल पूरी तरह गड़बड़ा गया था। मंगलवार को दो फ्लाइटें रद्द हुई थीं, जबकि 20 फ्लाइटें निर्धारित समय से लेट थीं, जिसके चलते सैकड़ों यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा था।