कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने देशवासियों को संविधान दिवस की हार्दिक बधाई दी है।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा कि भारतीय संविधान महज कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि जीवन जीने का तरीका है और इसकी मूल भावना सदैव एकसमान बनी रहती है। उन्होंने संविधान सभा के सभी महान सदस्यों के योगदान को याद करते हुए महात्मा गांधी, पंडित नेहरू, सरदार पटेल, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, मौलाना अबुल कलाम आजाद, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, सरोजिनी नायडू और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर समेत तमाम राष्ट्रनायकों को श्रद्धांजलि दी। खड़गे ने कहा कि आज सबसे बड़ी जरूरत संविधान के मूल सिद्धांतों—न्याय, स्वतंत्रता, समानता, बंधुता, धर्मनिरपेक्षता और समाजवाद—की रक्षा करने की है। उन्होंने संविधान दिवस पर सभी से संकल्प लेने की अपील की कि हम देश की एकता-अखंडता, प्रेम-सौहार्द और लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर हाल में खड़े रहेंगे। अंत में उन्होंने लिखा—जय हिंद!
वहीं राहुल गांधी ने अपने संदेश में कहा कि भारत का संविधान कोई साधारण किताब नहीं, बल्कि हर नागरिक से किया गया पवित्र वचन है। यह वचन है कि धर्म, जाति, क्षेत्र, भाषा, गरीबी-अमिरी कुछ भी हो, हर व्यक्ति को बराबरी, सम्मान और न्याय मिलेगा। संविधान वंचितों और गरीबों का ढाल है, उनकी ताकत है और हर भारतीय की आवाज है। उन्होंने कहा कि जब तक संविधान सुरक्षित है, तब तक हर भारतीय का हक सुरक्षित है। राहुल गांधी ने देशवासियों से आह्वान किया कि आइए हम प्रतिज्ञा करें कि संविधान पर किसी भी प्रकार का हमला बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसकी सुरक्षा करना मेरा दायित्व है और मैं इसके खिलाफ होने वाली हर कोशिश के सामने सबसे आगे खड़ा रहूंगा। अंत में उन्होंने लिखा—सभी को संविधान दिवस की ढेर सारी शुभकामनाएं। जय हिंद, जय संविधान!