सीमा पार करते पाकिस्तानी कपल कच्छ में गिरफ्तार

गुजरात में कच्छ से लगी पाकिस्तान सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने एक और पाकिस्तानी जोड़े को पकड़ा है। यह जोड़ा कुडा गांव के पास से भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश कर रहा था।

कच्छ BSF से मिली जानकारी के मुताबिक, जोड़े की पहचान पाकिस्तान के मीठी गांव के निवासी पोपट कुमार (24 वर्ष) और गौरी (20 वर्ष) के रूप में हुई है। उन्हें कच्छ के रापर तालुका की पिलर संख्या 1016 के पास से गाँव में घुसने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया।

यह ढाई महीने के भीतर कच्छ सीमा से पकड़ा गया दूसरा पाकिस्तानी जोड़ा है। इससे पहले, रतनपर के खादिर इलाके से टोटो और मीना नाम के पाकिस्तानी प्रेमी जोड़े को पकड़ा गया था। BSF और खुफिया एजेंसियां इस जोड़े से भारत में घुसने के मकसद को लेकर आगे की पूछताछ कर रही हैं।