बेकाबू डंपर कार पर पलटा, एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत

 उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में शुक्रवार को गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के पास एक भीषण सड़क हादसे में 4 साल के बच्चे समेत एक ही परिवार के सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। बजरी से भरा एक तेज रफ्तार डंपर बेकाबू होकर बगल से गुजर रही कार पर पलट गया। इस दौरान डंपर पर लदी बजरी भी कार पर गिर गई, जिससे कार पूरी तरह डंपर और बजरी के नीचे दबकर चकनाचूर हो गई।

यह हादसा सैयद माजरा गांव से गंगोह जा रहे एक परिवार के साथ हुआ, जो अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहा था। हादसे के बाद लोगों को डंपर हटाने के लिए तीन क्रेनों की मदद लेनी पड़ी, जबकि बजरी हटाने में घंटों लग गए। फंसे हुए लोगों को कार की छत काटकर बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक कार सवार सभी 7 लोगों की मौत हो चुकी थी।

एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और डंपर चालक मौके से फरार हो गया है। हादसे के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया, जिन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता की मांग की। एडीएम संतोष बहादुर सिंह द्वारा मुआवजे का आश्वासन दिए जाने के बाद जाम को खोला गया।