शशि थरूर ने इमरान खान की सेहत पर जताई चिंता, पाक सरकार की चुप्पी को बताया खतरनाक

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद शशि थरूर ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की सेहत को लेकर चल रही अफवाहों पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने पाकिस्तानी अधिकारियों की तरफ से लगातार बनी चुप्पी को परेशान करने वाला बताया और कहा कि किसी व्यक्ति को कैद करके इस तरह गायब नहीं किया जा सकता।

शशि थरूर ने कहा, “किसी दूसरे देश के अंदरूनी मामलों में दखल देना उचित नहीं है, लेकिन इस मुद्दे पर जिस तरह की खामोशी बरकरार है, वह चिंता बढ़ाती है। कई लोग सबसे खराब स्थिति की बात कर रहे हैं, मगर पाकिस्तान सरकार या जेल प्रशासन की ओर से कोई स्पष्ट बयान नहीं आया। यह चुप्पी ठीक नहीं है।”

उन्होंने इमरान खान के बेटे सुलेमान खान के ताजा बयान का हवाला देते हुए कहा कि वह अपने पिता के जिंदा होने का ठोस सबूत मांग रहे हैं, लेकिन अब तक ऐसा कोई प्रमाण नहीं दिया गया। थरूर ने यह भी दोहराया कि वे सिर्फ एक आम भारतीय नागरिक और क्रिकेट प्रेमी की हैसियत से बोल रहे हैं, न कि भारत की आधिकारिक विदेश नीति की ओर से। उनका कहना था, “यह पाकिस्तान का आंतरिक मामला जरूर है, लेकिन यहां एक इंसान की जान का सवाल है। अगर कुछ अनहोनी हुई है तो अधिकारियों को साफ-साफ बताना चाहिए। सचाई सामने आनी चाहिए।”

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर इमरान खान के गंभीर रूप से बीमार होने और यहाँ तक कि उनकी मृत्यु की अफवाहें जोरों पर हैं। इन दावों को सुलेमान खान के अलावा पीटीआई के कई नेताओं ने भी हवा दी है। दूसरी तरफ पाकिस्तान सरकार और अडियाला जेल प्रशासन ने इन सभी खबरों पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है, जिससे संशय और गहराता जा रहा है।