चेन्नई मेट्रो खराबी से यात्री सुरंग में फँसे, 500 मीटर पैदल चलकर स्टेशन पहुंचे

चेन्नई में मंगलवार सुबह ब्लू लाइन की एक मेट्रो ट्रेन में अचानक तकनीकी खराबी आने के कारण वह सेंट्रल मेट्रो और हाईकोर्ट स्टेशन के बीच सुरंग के भीतर ही रुक गई। ट्रेन में बिजली गुल हो गई, जिससे यात्री लगभग 10 मिनट तक कोच के अंदर अंधेरे में फंसे रहे।

स्थिति बिगड़ने पर, मेट्रो प्रशासन के अधिकारियों ने यात्रियों से ट्रेन से उतरकर पैदल ही नजदीकी हाईकोर्ट स्टेशन तक जाने का आग्रह किया। स्टेशन तक की यह दूरी करीब 500 मीटर थी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में यात्री सुरक्षा रेलिंग पकड़कर सुरंग के अंदर चलते हुए दिखाई दिए।

चेन्नई मेट्रो रेल लिमिटेड (CMRL) ने बताया कि ब्लू लाइन (विम्को नगर डिपो से एयरपोर्ट तक) में यह रुकावट पावर आउटेज या तकनीकी गड़बड़ी के कारण हुई थी। हालांकि, कुछ देर बाद सेवाएं सामान्य कर दी गईं। मेट्रो प्रशासन ने बाद में X (ट्विटर) पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा कि ब्लू लाइन और ग्रीन लाइन पर ट्रेन सेवाएं अब सामान्य रूप से चल रही हैं और यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया।