चंबा विधायक हंसराज के खिलाफ शिमला में प्रदर्शन: जमानत रद्द करने और SIT जांच की मांग

चंबा जिला की चुराह विधानसभा से भाजपा विधायक हंसराज पर लगे यौन शोषण के गंभीर आरोपों को लेकर जनवादी महिला समिति (JMS) ने मंगलवार को शिमला में जोरदार प्रदर्शन किया और विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

 जमानत रद्द कर SIT गठित करने की मांग

जनवादी महिला समिति की राज्य महासचिव फालमा चौहान ने कहा कि विधायक हंसराज एक प्रभावशाली व्यक्ति हैं और वह अपनी राजनीतिक पहुँच का इस्तेमाल कर जांच को प्रभावित कर सकते हैं।

समिति ने विधायक को बीते सप्ताह मिली नियमित जमानत रद्द करने की मांग की। इसके साथ ही, मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए एक सेवानिवृत्त उच्च अधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) गठित करने की मांग की गई है। समिति ने पीड़िता को पूर्ण सुरक्षा प्रदान करने की भी मांग की, क्योंकि उन पर दबाव डाले जाने की आशंका है, जिसके चलते पीड़िता एक बार अपने बयान से मुकर भी चुकी है।

फालमा चौहान ने कहा कि विधायक पर यौन शोषण के गंभीर आरोप हैं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज है, इसलिए उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए। जनवादी महिला समिति ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले समय में आंदोलन और तेज किया जाएगा।