मोहाली के जीरकपुर क्षेत्र में एक स्पा सेंटर में देह व्यापार का धंधा चल रहा था। मंगलवार देर रात एसपी (इन्वेस्टिगेशन) गजलप्रीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापा मारकर कार्रवाई की। इस दौरान पांच युवतियों को हिरासत में लिया गया और स्पा संचालक संदीप (निवासी छत, जिला मोहाली) को गिरफ्तार कर लिया गया।
कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुई, जिसके बाद पूरे स्पा सेंटर को सील कर दिया गया। पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। खास बात यह है कि एफआईआर में सिर्फ स्पा मालिक ही नहीं, बल्कि जिस बिल्डिंग में यह सेंटर चल रहा था, उसके मालिक का नाम भी शामिल किया गया है ताकि भविष्य में ऐसी गतिविधियों पर सख्ती से रोक लग सके।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि यह स्पा सेंटर असल में वेश्यावृत्ति का अड्डा बन चुका है। सूचना की पुष्टि के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और तुरंत टीम गठित कर दबिश दी गई। पुलिस के पहुंचते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। मौके से पांच लड़कियों के अलावा संचालक को भी पकड़ लिया गया।
मीडिया से बात करते हुए एसपी गजलप्रीत सिंह ने साफ कहा कि उनकी तैनाती के पहले दिन से ही स्पष्ट निर्देश हैं कि होटल, गेस्ट हाउस या स्पा सेंटरों में कोई भी अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस इस मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और आगे भी ऐसी कार्रवाइयां जारी रहेंगी।
मामले के जांच अधिकारी इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार ने बताया कि नाकाबंदी के दौरान ही उन्हें इस स्पा की गतिविधियों की भनक लगी थी। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यहां मौजूद युवतियां अपनी सहमति से इस काम में जुटी हुई थीं। फिर भी कानूनी कार्रवाई करते हुए सभी को हिरासत में लिया गया है और आगे की जांच जारी है।