‘साइको किलर’ चाची गिरफ्तार, बेटा समेत 4 बच्चों की हत्या कबूली

पानीपत पुलिस ने 6 साल की मासूम की हत्या के मामले में एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए ‘साइको किलर’ चाची को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला ने अपने बेटे और  भतीजी समेत चार बच्चों की हत्या करने का जुर्म कबूल किया है। महिला ने बताया कि वह सुंदर दिखने वाले बच्चों को अपना निशाना बनाती थी और सभी हत्याएं एक ही तरीके से कीं ताकि वे प्राकृतिक मौत लगें।

खुद के बेटे को भी मार डाला

पुलिस अधीक्षक (SP) भूपेंद्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार महिला की पहचान सोनीपत के भावड़ गांव निवासी पूनम पत्नी नवीन के रूप में हुई है। पूनम ने जिन चार बच्चों की हत्या की, उनमें उसका खुद का बेटा भी शामिल था।

महिला ने कबूल किया कि उसने अपने बेटे को इसलिए मारा क्योंकि वह उसकी एक वारदात को लाइव देख चुका था। इस भेद को छिपाने के लिए उसने बेटे को भी पानी में डुबो कर मार दिया था। महिला ने सबसे पहले अपनी भांजी की हत्या की थी। जब वह उसे टब में डुबो रही थी, तब बेटे ने यह देख लिया था। पहली दो हत्याओं के बाद उसने कहानी बनाई कि दोनों बच्चे खेलते-खेलते पानी में डूब गए थे, जिस पर किसी को शक नहीं हुआ क्योंकि उसका खुद का बेटा भी मारा गया था।

 रिटायर्ड SI दादा को हुआ शक

महिला चौथी वारदात, यानी नौल्था गांव में 6 साल की भतीजी विधि की हत्या के बाद पकड़ी गई। विधि के दादा, जो सेवानिवृत सब-इंस्पेक्टर (SI) पाल सिंह हैं, ने पानी के टब में बच्ची के मृत पाए जाने पर हत्या की आशंका जताई थी।

विधि का परिवार सोमवार को रामनगर से नौल्था गांव में रिश्तेदार के यहाँ शादी में शामिल होने आया था। विधि को पहली मंजिल पर एक स्टोर रूम में पानी के टब में डूबा पाया गया था, जिसका कुंडा बाहर से लगा हुआ था। दादा पाल सिंह की शिकायत और हत्या की आशंका के आधार पर पुलिस ने जाँच शुरू की, जिसमें पूनम पर शक गहराया। पुलिस ने पूनम को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहाँ उसने जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी पूनम ने 2023 में अपनी ननद की बेटी और खुद के बेटे की हत्या की थी, जबकि अगस्त 2025 में सिवाह गांव में भी एक बच्ची को मौत के घाट उतारा था। आरोपी महिला को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।