रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय: गणित क्लास में घुसे गुंडों ने छात्र को पीटा, तोड़फोड़ की

जबलपुर में स्थित रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के गणित विभाग में बुधवार को उस समय हंगामा हो गया जब कुछ युवक क्लासरूम में घुस आए और बीटेक प्रथम सेमेस्टर के छात्र नितेश कुमार मरकाम को खींचकर बाहर ले गए तथा उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान आरोपियों ने विभाग के गमले, दरवाजे और अन्य सामान को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना से पूरे विभाग में दहशत फैल गई और छात्र-छात्राओं ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।

नितेश कुमार मरकाम ने गणित विभाग को दी लिखित शिकायत में बताया कि वह सुबह की क्लास में पढ़ाई कर रहा था, तभी देवेंद्र छात्रावास के कुछ छात्र अचानक आए और उसे जबरन क्लास से बाहर घसीट लिया। बाहर ले जाकर मुख्य आरोपी सत्यम केवट और उसके साथियों ने उस पर ताबड़तोड़ हमला किया। नितेश के अनुसार मारपीट का यह नजारा सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने अपनी आंखों से देखा।

विभाग में हुई तोड़फोड़ से भी छात्रों में रोष है। गणित विभागाध्यक्ष डॉ. जे.के. मैत्रा ने पुष्टि की कि नितेश ने शिकायत दर्ज कराई है और मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से आरोपियों पर त्वरित एवं कड़ी कार्रवाई की अपील की जा रही है। फिलहाल परिसर में तनाव बना हुआ है और छात्र सुरक्षित माहौल की मांग कर रहे हैं।