अमेरिका ने बुधवार को वेनेजुएला के तट के पास बीच समंदर में एक बहुत बड़े क्रूड ऑयल टैंकर को जब्त कर लिया है। अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पैम बॉन्डी ने सोशल मीडिया पर इस सैन्य ऑपरेशन का वीडियो जारी किया, जिसमें अमेरिकी कमांडो हेलीकॉप्टर से टैंकर के डेक पर उतरकर कुछ ही मिनटों में उसे अपने कब्जे में लेते दिखे।
व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने जब्ती की पुष्टि करते हुए कहा, “हमने वेनेजुएला के तट पर एक टैंकर जब्त कर लिया है, बहुत बड़ा टैंकर, शायद अब तक का सबसे बड़ा टैंकर।” जब उनसे टैंकर में भरे लाखों बैरल तेल के बारे में पूछा गया, तो ट्रम्प ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “हम रख लेंगे, मुझे ऐसा लगता है।”
प्रतिबंधित तेल तस्करी का आरोप
अटॉर्नी जनरल बॉन्डी ने दावा किया कि यह जहाज कई सालों से अमेरिकी प्रतिबंधों की सूची में था क्योंकि यह वेनेजुएला और ईरान के प्रतिबंधित तेल को गैरकानूनी तरीके से ले जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तेल की कमाई से विदेशी आतंकवादी संगठनों को मदद पहुंचाई जा रही थी। तीन अमेरिकी अधिकारियों ने न्यूयॉर्क टाइम्स को बताया कि जहाज वेनेजुएला का तेल ले जा रहा था, और मिलिट्री ऑपरेशन का जहाज के कर्मचारियों ने कोई विरोध नहीं किया।
बॉन्डी ने बताया कि इस अभियान को एफबीआई, होमलैंड सिक्योरिटी इन्वेस्टिगेशंस और अमेरिकी कोस्ट गार्ड ने मिलकर अंजाम दिया। उन्होंने इसे सफल ऑपरेशन बताते हुए कहा कि प्रतिबंधित तेल की तस्करी करने वाले नेटवर्क को तोड़ने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
मादुरो ने बताया ‘समुद्री डकैती’
वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने इस कार्रवाई को समुद्री डकैती और खुलेआम चोरी करार देते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। मादुरो ने आरोप लगाया कि अमेरिका उनका तेल हथियाना चाहता है। न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, सितंबर से अब तक अमेरिका कैरेबियन सी में 22 से अधिक हमले कर चुका है, जिसमें 80 से ज्यादा लोग मारे गए। अमेरिका दावा करता रहा है कि वेनेजुएला की नावों से नशीले पदार्थों की तस्करी होती है, हालांकि अमेरिका ने कभी इसका सबूत नहीं दिया है।
तनाव के बीच हुआ ऑपरेशन
यह ऑपरेशन ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। अमेरिकी अधिकारियों ने न्यूज एजेंसी रॉयटर्स को बताया था कि ट्रम्प प्रशासन वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो का तख्तापलट भी करवा सकता है, जिसकी शुरुआत सीक्रेट ऑपरेशन से हो सकती है। अमेरिकी सेना ने हाल के हफ्तों में कैरेबियाई इलाके में बड़ी संख्या में जहाज, विमान और सैनिक तैनात किए हैं, जिनमें हवा और समुद्र में रक्षा करने में माहिर तीन एजिस गाइडेड-मिसाइल डेस्ट्रॉयर वॉरशिप (USS ग्रेवली, USS जेसन डनहम और USS सैम्पसन) भी शामिल हैं।
वेनेजुएला अपनी अर्थव्यवस्था के लिए मुख्य रूप से तेल पर निर्भर है, लेकिन अमेरिकी पाबंदियों और गलत नीतियों के कारण उसकी तेल निकालने की क्षमता कम हो गई है। वर्तमान में वेनेजुएला का लगभग 80% तेल चीन खरीदता है।