राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिला कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की गंभीर धमकी मिलने के बाद पूरा ज़िला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियाँ हाई अलर्ट पर आ गई हैं। यह धमकी भरा ई-मेल रविवार की रात 12 बजकर 47 मिनट पर कलेक्ट्रेट कलेक्टर की आधिकारिक एनआईसी (NIC) ईमेल आईडी पर प्राप्त हुआ था।
एडिशनल एसपी सरिता सिंह ने बताया कि ई-मेल में स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई थी कि कलेक्ट्रेट में पांच बम रखे गए हैं और वे दिन के दौरान फटेंगे। सोमवार सुबह 10:30 बजे एडीएम प्रभा गौतम ने इस धमकी की जानकारी मिलने के बाद तत्काल सुरक्षा तंत्र को सक्रिय किया गया।
सूचना मिलते ही डीएसटी (जिला विशेष टीम), लोकल आईबी और उदयपुर से एटीएस (आतंकवाद निरोधक दस्ता) की टीमें तुरंत मौके पर पहुँचीं। इसके अलावा, ईआरटी (आपातकालीन प्रतिक्रिया टीम), बम डिस्पोजल टीम और डॉग स्क्वायड को भी चित्तौड़गढ़ बुलाया गया। सभी सुरक्षा टीमों ने मिलकर कलेक्ट्रेट कार्यालय और आसपास के पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया। धमकी में बताई गई पांच बमों की मौजूदगी की जाँच के लिए, सुरक्षा टीमों ने कलेक्ट्रेट के हर कमरे, गलियारों, पार्किंग क्षेत्र और खुले स्थानों की बारीकी से जाँच की और डॉग स्क्वायड की मदद से हर संदिग्ध जगह को खंगाला गया ताकि किसी भी तरह के विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु को समय रहते खोजा जा सके।