टीवी एक्टर अनुज सचदेवा पर सोसाइटी में हमला, वीडियो जारी कर मांगी मदद

“ये रिश्ता क्या कहलाता है”, “स्वरागिनी” और “साथ निभाना साथिया” जैसे लोकप्रिय टीवी धारावाहिकों का हिस्सा रहे अभिनेता अनुज सचदेवा पर रविवार शाम को हमला हुआ है। एक्टर ने खुद पर हुए इस हमले का वीडियो रिकॉर्ड करके अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने बताया है कि उनकी सोसाइटी के ही एक निवासी ने उन पर हमला किया है।

कुत्तों को लेकर हुआ विवाद

अनुज सचदेवा ने रविवार को अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट से यह चौंकाने वाला वीडियो साझा किया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक शख्स उन्हें भद्दी गालियाँ दे रहा है और डंडे से पीटता नजर आ रहा है। वीडियो के ऑडियो से यह स्पष्ट होता है कि यह विवाद कुत्तों को घुमाने और संभवतः गलत जगह गाड़ी पार्क करने को लेकर शुरू हुआ था।

हमले के दौरान भी, वह शख्स लगातार एक्टर को गालियाँ दे रहा था, जबकि वीडियो में खून से लथपथ दिख रहे अनुज कह रहे हैं, “इस आदमी ने मुझे मारने की कोशिश की है।” वीडियो की शुरुआत में हमला करने वाले शख्स को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “कुत्ते से कटवाएगा,” जिसके जवाब में अनुज कहते हैं, “कुत्ते से नहीं कटवाया।”

वीडियो पोस्ट करते हुए अनुज ने घटना की विस्तृत जानकारी दी और मदद की गुहार लगाई। उन्होंने लिखा:

“मैं यह सबूत यहां पोस्ट कर रहा हूँ, इससे पहले कि यह व्यक्ति मुझे या मेरी संपत्ति को कोई नुकसान पहुंचाने की कोशिश करे। इस व्यक्ति ने सोसाइटी में गलत जगह गाड़ी पार्क करने को लेकर मेरे कुत्ते और मुझ पर हमला करने की कोशिश की। यह घटना हार्मनी मॉल रेसिडेंसी, गोरेगांव (पश्चिम) में हुई है। यह व्यक्ति ए विंग, फ्लैट नंबर 602 का रहने वाला है। कृपया इसे उन लोगों के साथ साझा करें जो इस पर कार्रवाई कर सकते हैं। मेरे सिर से खून बह रहा है।”

सेलेब्स ने की सख्त कार्रवाई की मांग

अनुज सचदेवा द्वारा यह वीडियो पोस्ट किए जाने के बाद से ही मनोरंजन जगत के कई सेलेब्स ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। बॉलीवुड एक्ट्रेस नौहीद, ईला अरुण की बेटी इशिता अरुण, किश्वर मर्चेंट समेत कई कलाकारों ने अनुज के प्रति चिंता व्यक्त की है। वहीं, कई सेलेब्स ने कमेंट सेक्शन में मुंबई पुलिस को टैग करते हुए हमलावर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।