प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जॉर्डन यात्रा काफी सफल रही। इस दौरान उन्होंने शीर्ष नेतृत्व के साथ महत्वपूर्ण वार्ताओं के अलावा मंगलवार को क्राउन प्रिंस अल हुसैन बिन अब्दुल्ला द्वितीय से भी मुलाकात की। यात्रा के समापन पर दोनों देशों ने पांच प्रमुख दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए, जिनमें दो समझौता ज्ञापन (एमओयू), एक समझौता, 2025-2029 तक सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम का नवीनीकरण और डिजिटल क्षेत्र में सफल समाधानों के साझाकरण के लिए एक आशय पत्र शामिल हैं।
पीएम मोदी और क्राउन प्रिंस ने मिलकर जॉर्डन के प्रसिद्ध राष्ट्रीय संग्रहालय का दौरा किया। इस दौरान क्राउन प्रिंस ने विशेष सम्मान दिखाते हुए खुद अपनी कार चलाकर प्रधानमंत्री को संग्रहालय तक ले गए। यात्रा की समाप्ति पर भी उन्होंने व्यक्तिगत रूप से कार चलाते हुए पीएम मोदी को हवाईअड्डे तक विदा किया। इन गर्मजोशी भरे पलों की कुछ तस्वीरें प्रधानमंत्री ने अपने एक्स अकाउंट पर साझा कीं।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, इन पांच परिणामों में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में तकनीकी सहयोग का एमओयू, जल संसाधन प्रबंधन एवं विकास में सहयोग का एमओयू, पेट्रा और एलोरा गुफाओं के बीच जुड़ाव का समझौता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम का नवीनीकरण तथा डिजिटल परिवर्तन के लिए सफल समाधानों के साझाकरण का आशय पत्र शामिल है।
पीएम मोदी ने अपनी एक्स पोस्ट में जॉर्डन यात्रा को अत्यंत उपयोगी बताया और किंग अब्दुल्ला द्वितीय तथा जॉर्डन के लोगों का उनकी गहन मित्रता के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि चर्चाओं से नवीकरणीय ऊर्जा, जल प्रबंधन, डिजिटल परिवर्तन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान तथा विरासत सहयोग जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के संबंध और मजबूत हुए हैं। प्राप्त परिणाम हमारे लोगों की प्रगति और समृद्धि के नए द्वार खोलेंगे। साथ ही, उन्होंने क्राउन प्रिंस का हवाईअड्डे पर विदाई के लिए आने पर विशेष धन्यवाद दिया।