ब्रिटेन में 134 लोगों को कुचलने वाले को 21 साल की जेल

यूनाइटेड किंगडम के लिवरपूल शहर में 26 मई 2025 को लिवरपूल फुटबॉल क्लब की प्रीमियर लीग जीत की विजय परेड के दौरान एक भयावह हादसा हुआ। इस दौरान 54 वर्षीय पॉल डॉयल नाम के व्यक्ति ने गुस्से में आकर अपनी कार भीड़ की ओर दौड़ा दी, जिससे 134 लोग घायल हो गए। शुक्र है कि इसमें किसी की मौत नहीं हुई, लेकिन कई लोगों को गंभीर चोटें आईं और अस्पताल में भर्ती करना पड़ा।

यह घटना तब हुई जब डॉयल शहर के केंद्र में अपनी कार से दोस्तों को लेने जा रहे थे। ट्रैफिक और भीड़ से परेशान होकर उन्होंने गुस्से में कार को हथियार की तरह इस्तेमाल किया। डैशकैम फुटेज में उन्हें हॉर्न बजाते और लोगों से रास्ता छोड़ने के लिए चिल्लाते सुना गया। मात्र दो मिनट के अंदर उनकी दो टन वजनी फोर्ड गैलेक्सी कार ने सैकड़ों लोगों को टक्कर मार दी।

लिवरपूल क्राउन कोर्ट में 16 दिसंबर 2025 को हुई सुनवाई में डॉयल को 31 अपराधों का दोषी ठहराया गया। जज एंड्रयू मेनारी ने उन्हें 21 साल और 6 महीने की कैद की सजा सुनाई। जज ने कहा कि डॉयल के इस कृत्य ने उत्सव के दिन को दहशत और तबाही में बदल दिया, जो पहले कभी अदालत में इतने बड़े पैमाने पर नहीं देखा गया।

पीड़ितों के बयानों में कई लोगों ने बताया कि इस हादसे से उन्हें गहरा मानसिक आघात लगा है। कुछ को रातों में बुरे सपने आते हैं, जबकि कई की जिंदगी हमेशा के लिए बदल गई। एक पूर्व सैनिक डैनियल बैर ने बहादुरी दिखाते हुए कार में घुसकर इसे रोक दिया, जिससे और नुकसान होने से बच गया।