बालाघाट में गुरुवार देर रात भरवेली थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांगुलपारा घाटी के पास एक धान से लदा ट्रक पलट गया। इस हादसे में ट्रक चालक विजय ठकरेले (37) करीब दो घंटे तक मलबे में फंसे रहे।
सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम ने तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया। इस दौरान सड़क पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई। क्रेन और जेसीबी की मदद से ट्रक को सड़क के किनारे खींचा गया और चालक को बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। रेस्क्यू ऑपरेशन रात करीब 12 बजे तक चला।
बताया जा रहा है कि चालक की हालत अब स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। ट्रक में उस समय सिर्फ चालक ही मौजूद था, कोई हेल्पर या परिचालक साथ नहीं था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छोटी कुम्हारी निवासी विजय ठकरेले रात करीब 10 बजे बैहर की ओर से धान की बोरियों से भरा ट्रक लेकर बालाघाट की तरफ आ रहे थे। गांगुलपारा के पास ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और पहाड़ से टकराकर पलट गया। हादसे में चालक का पैर सीट में फंस गया था। रेस्क्यू टीम ने कटर मशीन की मदद से ट्रक के सामने वाले हिस्से को काटकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।