इंदौर: पति की मौत के बाद पत्नी ने भी साथ छोड़ा, 15 दिन तक घर में पड़े रहे शव

इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में एक दुखद घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। एक दंपती के शव उनके ही घर में लगभग 15 दिनों तक पड़े रहे। पति की मौत के बाद पत्नी ने उनके शव के साथ करीब एक सप्ताह तक घर में गुजारा और फिर उसकी भी मृत्यु हो गई।

पुलिस के अनुसार, मृतक दंपती की पहचान कन्हैयालाल बरनवाल (47 वर्ष) और उनकी पत्नी स्मृति बरनवाल (42 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों सैटेलाइट जंक्शन के पास स्थित अपने घर में अकेले रहते थे। पड़ोसियों ने बताया कि वे काफी कम लोगों से मिलते-जुलते थे।

स्थानीय लोगों ने जब देखा कि दंपती कई दिनों से घर से बाहर नहीं निकले और घर का दरवाजा अंदर से बंद है, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। गुरुवार को लसूड़िया पुलिस ने दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया। अंदर भयंकर दुर्गंध फैली हुई थी।

पुलिस ने पाया कि कन्हैयालाल का शव पहली मंजिल के बिस्तर पर पड़ा था, जबकि स्मृति का शव बाथरूम में बैठी हुई अवस्था में मिला, जहां उनका सिर दीवार से टिका हुआ था। बाथरूम का दरवाजा भी अंदर से बंद था।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कन्हैयालाल की मौत करीब 15 दिन पहले हो गई थी, जबकि स्मृति की मृत्यु लगभग 3-4 दिन पहले हुई। कन्हैयालाल का शव काला पड़ चुका था, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि पत्नी ने उनके मृत शरीर के साथ लगभग एक सप्ताह तक घर में बिताया।

पड़ोसियों के अनुसार, कन्हैयालाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ के निवासी थे। वे पीथमपुर के फार्मा सेक्टर में नौकरी करते थे, लेकिन बाद में नौकरी छोड़ दी। 2016 में उन्होंने यहीं अपना मकान बनाया था। लकवे की बीमारी के बाद कन्हैयालाल घर से बाहर कम ही निकलते थे। स्मृति भी केवल जरूरी सामान जैसे किराना और सब्जी लेने के लिए ही बाहर आती थीं। रिश्तेदार भी उनके घर कभी नहीं आते थे।

23 नवंबर को उन्होंने दूधवाले से दूध देना बंद करने को कहा था, जिसके बाद से घर पूरी तरह बंद हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एडिशनल डीसीपी जोन-2 अमरेंद्र सिंह और लसूड़िया थाना प्रभारी तारेश कुमार सोनी ने बताया कि मौत का सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।