असम: राजधानी एक्सप्रेस से टकराकर 8 जंगली हाथियों की मौत, एक घायल

असम के होजाई जिले में एक दुखद हादसा सामने आया है, शनिवार सुबह तड़के सैरांग से नई दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन जंगली हाथियों के एक झुंड से टकरा गई। इस टक्कर में आठ हाथियों की मौत हो गई, जबकि एक हाथी बुरी तरह घायल हो गया।

हादसा जामुनामुख-कंपुर रेल खंड के चंगजुराई इलाके में रात करीब 2:17 बजे हुआ। टक्कर की वजह से ट्रेन का इंजन और पांच कोच पटरी से उतर गए। हालांकि, राहत की बात यह है कि ट्रेन में यात्रा कर रहे किसी भी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।लोको पायलट ने ट्रैक पर हाथियों को देखते ही आपातकालीन ब्रेक लगाए, लेकिन तेज रफ्तार के कारण टक्कर टल नहीं सकी। यह जगह कोई निर्धारित हाथी गलियारा नहीं है, फिर भी झुंड वहां पहुंच गया था।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल हाथी का उपचार शुरू किया। रेलवे ने प्रभावित खंड से गुजरने वाली ट्रेनों को दूसरी लाइन से डायवर्ट कर दिया। पटरियों पर बिखरे शवों और मलबे की वजह से ऊपरी असम तथा पूर्वोत्तर के अन्य क्षेत्रों में रेल यातायात प्रभावित रहा।

रेलवे प्रशासन ने दुर्घटना राहत ट्रेनें भेजी हैं और पटरी बहाली का काम तेजी से चल रहा है। यह राजधानी एक्सप्रेस मिजोरम के सैरांग (ऐजॉल के निकट) को दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से जोड़ती है।