पीएम मोदी ने असम में 10,600 करोड़ के यूरिया प्लांट की रखी नींव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का असम दौरा रविवार को दूसरे दिन में प्रवेश कर गया। उन्होंने ब्रह्मपुत्र नदी पर क्रूज यात्रा के दौरान राज्य के 25 स्कूली बच्चों के साथ ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम में लगभग 45 मिनट तक संवाद किया। इसके बाद वे डिब्रूगढ़ जिले के नामरूप में ब्रह्मपुत्र वैली फर्टिलाइजर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीवीएफसीएल) परिसर पहुंचे, जहां 10,600 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए ब्राउनफील्ड अमोनिया-यूरिया संयंत्र की आधारशिला रखी। इस परियोजना के शुरू होने से पूर्वोत्तर के किसानों को यूरिया की आपूर्ति में काफी सुधार होने की उम्मीद है। भूमि पूजन के बाद प्रधानमंत्री एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

असम विधानसभा के 126 सदस्यों के लिए चुनाव अगले साल मार्च-अप्रैल में होने की संभावना है। पिछले चार महीनों में यह उनका राज्य का दूसरा दौरा है और चुनाव से लगभग तीन महीने पहले वे कुल 15,600 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन कर रहे हैं। शनिवार को उन्होंने गुवाहाटी के लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की नई टर्मिनल बिल्डिंग का उद्घाटन किया था, जिसकी लागत करीब 5,000 करोड़ रुपये है।

परीक्षा पे चर्चा के बाद पीएम मोदी शहीद स्मारक पहुंचे, जहां उन्होंने 1985 के असम आंदोलन के 860 शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और आंदोलन के पहले शहीद खरगेश्वर तालुकदार की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। 170 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस स्मारक में पानी का कुंड, ऑडिटोरियम, प्रार्थना कक्ष, साइकिल ट्रैक और साउंड एंड लाइट शो जैसी सुविधाएं हैं, जो असम आंदोलन और राज्य के इतिहास के विभिन्न पहलुओं को उजागर करती हैं।

प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। शनिवार से दो दिनों के लिए ब्रह्मपुत्र नदी पर फेरी सेवाएं निलंबित कर दी गईं। क्रूज यात्रा और कार्यक्रम स्थल पर नदी पुलिस, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात रहीं। इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले छात्र कामरूप मेट्रोपॉलिटन, मोरीगांव, डिब्रूगढ़, कछार, श्रीभूमि, बक्सा, दीमा हसाओ, कोकराझार, गोलाघाट, कार्बी आंगलोंग और नलबाड़ी जिलों के विभिन्न स्कूलों से चुने गए थे।