राजधानी के प्रतिष्ठित सायाजी होटल के स्टोर रूम में सोमवार सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। भदभदा क्षेत्र स्थित इस होटल के कैंपस में बने स्टोर रूम में रखी टेंट सामग्री, चादरें और अन्य सामान जलकर राख हो गया। दमकल विभाग की मुस्तैदी के बाद करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
शॉर्ट सर्किट बना आग का कारण जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार सुबह उस वक्त हुआ जब होटल कैंपस के अगले हिस्से में स्थित स्टोर रूम के पास रखा जनरेटर चल रहा था। इसी दौरान जनरेटर में शॉर्ट सर्किट हुआ और पास ही रखे टेंट व कपड़ों के ढेर ने आग पकड़ ली। कपड़ों और ज्वलनशील सामग्री की वजह से लपटें देखते ही देखते 10 फीट ऊपर तक उठने लगीं। धुएं का गुबार इतना घना था कि वह काफी दूर भदभदा ब्रिज से भी साफ दिखाई दे रहा था।
होटल में मची अफरा-तफरी आग की खबर मिलते ही होटल परिसर में मौजूद कर्मचारियों और वहां रुके यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग को फैलने से रोकने के लिए होटल का स्टाफ तुरंत सक्रिय हुआ। सूचना मिलते ही माता मंदिर समेत आसपास के फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। साथ ही नगर निगम और पुलिस का अमला भी सुरक्षा की दृष्टि से तैनात रहा।
बड़ा हादसा टला गनीमत रही कि जिस स्टोर रूम में आग लगी, वह मुख्य होटल बिल्डिंग से लगभग 50 मीटर की दूरी पर स्थित था। हादसे के वक्त होटल में कई गेस्ट रुके हुए थे, लेकिन दूरी होने के कारण किसी जनहानि की स्थिति निर्मित नहीं हुई। करीब डेढ़ घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आग बुझाई गई, जिसके बाद प्रशासन और होटल प्रबंधन ने राहत की सांस ली। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।