फरीदाबाद जिले के सारन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली जवाहर कॉलोनी में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहाँ 60 फीट रोड पर स्थित एक बड़े नाले में गिरने से 42 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि व्यक्ति नशे की हालत में था और संतुलन बिगड़ने के कारण नाले में जा गिरा।
दुकान के बाहर बैठा था मृतक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना रविवार रात की है। प्लॉट नंबर-1 के पास स्थित एक फर्नीचर की दुकान पर काम करने वाले बृजलाल ने बताया कि मृतक व्यक्ति हादसे से करीब 10-15 मिनट पहले दुकान के बाहर नाले की दीवार के पास बैठा हुआ था। वह नशे की हालत में था।
बृजलाल ने जानकारी दी कि, “दुकान पर ग्राहक आने के कारण मैं अंदर चला गया था। जब वापस बाहर आया तो देखा कि वह व्यक्ति नाले में उल्टा गिरा हुआ है। पहले मुझे लगा कि किसी की जैकेट गिरी है, लेकिन जब डंडे से जांच की तो पता चला कि इंसान अंदर गिरा है।”
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए व्यक्ति को नाले से बाहर निकाला। उस वक्त व्यक्ति की सांसें चल रही थीं। सूचना मिलते ही सारन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसे तुरंत सिविल अस्पताल फरीदाबाद ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला नशे के कारण संतुलन बिगड़ने और नाले में गिरने का लग रहा है। मृतक की पहचान की कोशिश की जा रही है ताकि परिजनों को सूचित किया जा सके। स्थानीय निवासियों ने इस घटना के बाद खुले और असुरक्षित नालों को लेकर भी प्रशासन के प्रति नाराजगी जाहिर की है।