मध्य प्रदेश की राजधानी के सबसे महत्वपूर्ण सरकारी भवनों में से एक, सतपुड़ा भवन के पास मंगलवार दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। भवन के समीप स्थित झाड़ियों में लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिसके चलते आसमान में काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। लगभग 15 से 20 मिनट तक आसमान में धुएं की चादर छाई रही, जिससे आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम के दमकल विभाग की तीन गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों की मुस्तैदी के कारण करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। हालांकि, इस आगजनी में आसपास लगे कई पेड़ बुरी तरह झुलस गए हैं। गनीमत रही कि आग मुख्य बिल्डिंग तक नहीं पहुंची और समय रहते बुझा ली गई।
पुराने जख्म हुए ताजा सतपुड़ा भवन के पास लगी इस आग ने दो साल पहले हुए भीषण अग्निकांड की यादें ताजा कर दीं। गौरतलब है कि करीब 2 साल पहले इसी भवन में एक भीषण आग लगी थी, जिसमें कई महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज जलकर खाक हो गए थे। पुरानी घटना के खौफ के कारण आज जैसे ही धुआं उठा, बिल्डिंग में मौजूद कर्मचारियों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोग डर के मारे बिल्डिंग से बाहर निकल आए।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि सूखी झाड़ियों में किसी चिंगारी या शॉर्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ होगा। प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।