सीहोर जिले की कोतवाली पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी कामयाबी प्राप्त की है। पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से 10 किलोग्राम 610 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 लाख 6 हजार रुपये आंकी गई है।
नए साल के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक के आदेश पर थाना क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान वाहनों की गहन तलाशी, ढाबों की जांच और संदिग्ध स्थलों पर निगरानी रखी जा रही है।
इसी कड़ी में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बड़नगर रोड पर ग्राम पिपलिया मीरा में चंपालाल के खेत के पास एक शख्स बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रखे हुए है। सूचना की तस्दीक कर कोतवाली पुलिस की टीम ने तुरंत मौके पर छापा मारा। वहां एक व्यक्ति बोरी लिए बैठा हुआ मिला। शक होने पर बोरी की जांच की गई तो उसमें गांजा भरा पाया गया। पुलिस ने आरोपी को मौके से ही हिरासत में ले लिया और उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
थाना प्रभारी रविंद्र यादव ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है तथा इस मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी रविंद्र यादव, उप निरीक्षक रामबाबू राठौर, प्रधान आरक्षक पंकज यादव, आरक्षक वीरेंद्र सिंह, आरक्षक चेतन चौहान, आरक्षक दीपक जाट, आरक्षक संजय शर्मा तथा सैनिक कमलेश की टीम ने अहम योगदान दिया।