इंदौर में युवती ने घर में लगाई फांसी, पारिवारिक विवाद की आशंका

गांधी नगर थाना क्षेत्र के सुपर कॉरिडोर इलाके में एक 32 वर्षीय विवाहित महिला ने शुक्रवार दोपहर अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने इस संबंध में जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान मुस्कान पत्नी अश्विन प्रजापति के रूप में हुई है। घटना के समय वह अपने दो साल के बेटे के साथ कमरे में मौजूद थी। जानकारी के अनुसार, दोपहर में बच्चे को सुलाने के बाद उसने यह कदम उठाया।

पति अश्विन प्रजापति ने दोपहर में घर लौटकर पत्नी को फंदे पर लटका देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। अश्विन इलाके में ही एक कैफे चलाते हैं। दोनों की शादी को लगभग चार साल हो चुके हैं।

परिवार से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मुस्कान की सास सुनीता से सुबह घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद सास घर छोड़कर किसी रिश्तेदार के यहां चली गई थीं।

मुस्कान का मायका देवास में है। मायके पक्ष की मामी सीमा ने बताया कि पिछले कुछ समय से अश्विन और सास सुनीता मुस्कान को लगातार छोटी-छोटी बातों पर परेशान करते थे। गुरुवार को मुस्कान मायके से ससुराल आई थी। उसने पहले आने से इनकार किया था, लेकिन परिवार वालों के समझाने पर वह इंदौर लौट आई।

शुक्रवार सुबह मां ने मुस्कान को फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठा। इसके बाद उन्होंने अश्विन को संपर्क किया। जब अश्विन घर पहुंचे तो पत्नी फंदे पर लटकी मिली।

मुस्कान के परिवार में दो भाई हैं और उनके पिता नगर निगम में कार्यरत हैं। गांधी नगर पुलिस के अनुसार, अभी तक मुस्कान के माता-पिता से औपचारिक बयान दर्ज नहीं किए गए हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और पारिवारिक विवाद के कोण से भी पड़ताल की जा रही है।