गोड्डा में जज की पत्नी पर गोलीबारी, दो देवर शामिल, हालत गंभीर

झारखंड के गोड्डा जिले में शनिवार शाम को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसमें बिहार के समस्तीपुर जिले में तैनात न्यायिक मजिस्ट्रेट संतोष कुमार साह की पत्नी वंदना कुमारी पर अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी की। इस हमले में उन्हें कई गोलियां लगीं, जिससे उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घायल महिला को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर (बिहार) के अस्पताल में रेफर कर दिया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, वंदना कुमारी गोड्डा कोर्ट में अपने पति के खिलाफ चल रहे तलाक और दहेज प्रताड़ना संबंधी मामले में गवाही देकर अपने मायके लौट रही थीं। पत्थरगामा थाना क्षेत्र के गांधी ग्राम के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनका पीछा किया और सुनसान जगह पर उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावर मौके से फरार हो गए।

घायल वंदना ने पुलिस को दिए प्रारंभिक बयान में दावा किया कि हमलावरों में उनके दो देवर भी शामिल थे, जिनमें से एक का नाम गुड्डू साह बताया गया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि यह हमला उनके पति की साजिश का नतीजा हो सकता है।

वंदना कुमारी हनवारा थाना क्षेत्र के पुराना गांव (परसा) की रहने वाली हैं। उनकी शादी 2019 में संतोष कुमार साह से हुई थी। शादी के बाद पति की नौकरी लगने के बाद दहेज को लेकर विवाद शुरू हो गया, जिसके चलते मामला गोड्डा कोर्ट पहुंचा। वंदना ने ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस भी दर्ज कराया है।

गोड्डा पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी पहलुओं से जांच चल रही है और हमलावरों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने कहा कि जांच के शुरुआती चरण में कोई भी टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी।