राजधानी में गोमांस तस्करी के आरोपों को लेकर बुधवार को हिंदू संगठनों का गुस्सा फूट पड़ा। हिंदू उत्सव समिति और विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने महापौर मालती राय के बंगले का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि नगर निगम के संरक्षण के बिना शहर में गोमांस का संगठित नेटवर्क नहीं चल सकता।
नगर निगम पर संरक्षण देने का आरोप
प्रदर्शनकारियों ने महापौर के इस्तीफे की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। संगठनों का कहना है कि शहर में अवैध स्लाटर हाउस और मांस तस्करी का एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय है, जिस पर प्रशासन अंकुश लगाने में नाकाम रहा है। कार्यकर्ताओं ने सीधे तौर पर नगर निगम के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मिलीभगत की आशंका जताई है।
PHQ के सामने ट्रक पकड़े जाने का मामला गरमाया
हिंदू संगठनों ने 17 दिसंबर 2025 की उस घटना का हवाला दिया जब पुलिस मुख्यालय (PHQ) के ठीक सामने मांस से भरा एक ट्रक पकड़ा गया था। उस मामले में स्लाटर हाउस संचालक अस्लम चमड़ा को जेल तो भेजा गया, लेकिन संगठनों का दावा है कि मुख्य मास्टरमाइंड और पूरा गिरोह अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
पुलिस बल तैनात, प्रशासन अलर्ट
महापौर बंगले पर हुए भारी विरोध प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने पहले ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए थे। बंगले के चारों ओर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और बैरिकेडिंग की गई। हिंदू संगठनों ने चेतावनी दी है कि जब तक इस पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म नहीं किया जाता, उनका आंदोलन और उग्र होगा।