झारखंड के धनबाद शहर स्थित सरायढेला थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बड़ा अग्निकांड हुआ। बलियापुर रोड पर जेपी अस्पताल के पास स्थित बिजली विभाग के गोदाम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि पूरे इलाके में काला धुआं फैल गया, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि यह गोदाम कोलकाता की ‘लेजर पावर लिमिटेड’ कंपनी का है।
केबल और ट्रांसफॉर्मर के पुर्जे जलकर राख, लाखों का नुकसान
गोदाम में बिजली विभाग से संबंधित भारी मात्रा में कीमती सामान रखा था। आग की चपेट में आने से केबल, ट्रांसफॉर्मर के पुर्जे और अन्य महत्वपूर्ण उपकरण पूरी तरह जल गए हैं। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, इस घटना में विभाग को लाखों रुपए की संपत्ति का नुकसान हुआ है। दमकल की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच शुरू
आग लगने के सटीक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट को मुख्य वजह माना जा रहा है। सरायढेला थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग के अधिकारी मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं ताकि आग लगने की आधिकारिक पुष्टि की जा सके। गनीमत रही कि आग रिहायशी इलाके या पास के अस्पताल तक नहीं फैली।