कोटा: रामगंजमंडी में बागेश्वर बाबा का भव्य स्वागत, कलश यात्रा में उमड़ा जनसैलाब; मंत्री दिलावर भी भजनों पर झूमे

कोटा के रामगंजमंडी (गुंदी गांव) में शुक्रवार से शुरू होने वाली श्रीराम कथा से पहले आज भव्य कलश यात्रा निकाली गई। बागेश्वर धाम के आचार्य पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के आगमन को लेकर भक्तों में भारी उत्साह देखा गया। कलश यात्रा में इतनी बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं कि बागेश्वर धाम की ओर से निःशुल्क दिए गए कलश भी कम पड़ गए। केसरिया साड़ियों में सजी महिलाएं सिर पर कलश धारण कर करीब 4 किमी लंबे मार्ग पर भजनों की धुन पर झूमती नजर आईं।

मंत्री मदन दिलावर ने किया स्वागत, भक्तों संग लगाए ठुमके

शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर भी कलश यात्रा का स्वागत करने रामगंजमंडी पहुंचे। इस दौरान वे भक्ति के रंग में सराबोर दिखे और डीजे पर बज रहे भजनों पर भक्तों के साथ थिरकने लगे। पूरे मार्ग को केसरिया झंडों और भव्य स्वागत द्वारों से सजाया गया है। स्थानीय लोग छतों से इस ऐतिहासिक यात्रा पर पुष्प वर्षा कर रहे हैं। यात्रा का समापन शाम 6 बजे खैराबाद मेला स्थल पर होगा।

आज शाम खैराबाद में ‘श्रीराम दीपोत्सव’, धीरेंद्र शास्त्री होंगे शामिल

पंडित धीरेंद्र शास्त्री कोटा एयरपोर्ट पहुंच चुके हैं, जहां उनके स्वागत के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कुछ भक्त तो उनकी कार के पीछे दौड़ने लगे, जिन्हें पुलिस ने मशक्कत के बाद रोका। यह कथा 23 से 25 जनवरी तक मोड़क थाना क्षेत्र के गुंदी गांव में आयोजित होगी। अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आज शाम खैराबाद में ‘श्रीराम दीपोत्सव’ मनाया जाएगा, जिसमें धीरेंद्र शास्त्री स्वयं शिरकत करेंगे और दीपदान करेंगे।