इंदौर की लसूडिया पुलिस ने बीजेपी के संभागीय सह-मीडिया प्रभारी गोल्डी राठौर के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि उन्होंने एक महिला को प्लॉट बेचने के बहाने लगभग 8.46 लाख रुपये ठगे हैं। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है।
पीड़िता वर्षा नायर, जो ए.पी.जे. अब्दुल कलाम यूनिवर्सिटी रोड, तलावली चांदा, इंदौर की निवासी हैं, ने गोल्डी राठौर (पुत्र सत्यनारायण राठौर, निवासी शिक्षक नगर, एयरपोर्ट रोड, इंदौर) के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। टीआई तारेश सोनी के अनुसार, यह FIR धोखाधड़ी के आरोप में दर्ज की गई है।
वर्षा ने पुलिस को बताया कि उनका गोल्डी से परिचय वर्ष 2021 में हुआ था। गोल्डी ने खुद को विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 1 का निवासी और बीजेपी के लिए कार्य करने वाला बताया था। उन्होंने वर्षा को दो अलग-अलग प्लॉट बेचने का लालच दिया।
पहला प्लॉट स्कीम नंबर 78, योजना नंबर 488 में 2380 वर्ग फुट का बताया गया, जिसका मालिक रमेश पंवार बताया गया। इसकी कीमत करीब 64 लाख रुपये बताई गई और बैंक लोन में मदद का वादा भी किया गया। दूसरा प्लॉट श्रीराम नगर, छोटा बागड़दा में 600 वर्ग फुट का था, जिसका मालिक कुलदीप भारत ठाकुर बताया गया।
गोल्डी ने वर्षा से ऑनलाइन ट्रांसफर और नकद में कुल 8 लाख 46 हजार रुपये लिए। इसमें 29 नवंबर को 50 हजार रुपये अग्रिम के रूप में, 1 जून तक 5 लाख 40 हजार रुपये बैंक खाते में और 3 लाख रुपये नकद शामिल हैं।
जब पीड़िता ने प्लॉट के मूल दस्तावेज मांगे, तो गोल्डी ने सौदे की चिट्ठियों में उनके नाम होने का दावा किया, लेकिन बाद में टालमटोल करने लगा। शक होने पर वर्षा ने सौदा रद्द करने और पैसे वापस मांगे, लेकिन गोल्डी ने मना कर दिया। उसने और पैसे मांगे तथा बाकी राशि न देने पर नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी।
इसके बाद पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत की, जिसके आधार पर गुरुवार को लसूडिया थाने में गोल्डी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
गोल्डी राठौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 1 के निवासी हैं और पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता के समर्थक माने जाते हैं। जनवरी 2023 में बीजेपी ने उन्हें संभागीय सह-मीडिया प्रभारी नियुक्त किया था। इससे पहले भी उन पर जमीनी विवादों को लेकर शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।