इंदौर के खजराना इलाके में पढ़ाई करने वाली 20 वर्षीय एक प्रथम वर्ष की छात्रा को उसके परिचित युवक द्वारा लगातार परेशान किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और स्टॉकिंग (पीछा करने) के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पीड़िता ने खजराना पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी हितेश जेसवाल (निवासी: खिलचीपुर, जिला राजगढ़) उसके गांव का ही रहने वाला है। दोनों के बीच पहले गांव में सामान्य बातचीत होती थी, लेकिन बाद में युवक ने मोबाइल पर संपर्क बढ़ा लिया। छात्रा ने किसी भी प्रकार की दोस्ती या रिश्ते से साफ इनकार कर दिया था।
लगभग दो महीने पहले जब आरोपी को पता चला कि लड़की इंदौर में पढ़ाई के लिए रह रही है, तो वह भी यहां आ गया। उसने छात्रा के ठिकाने की जानकारी जुटाई और उसके आने-जाने के समय लगातार पीछा करने लगा। कई बार वह उसके कमरे के बाहर खड़ा रहता था, जिससे छात्रा काफी परेशान हो गई।
शुक्रवार को घटना तब और गंभीर हो गई जब आरोपी ने पार्किंग में छात्रा को रोक लिया और बात करने के लिए दबाव बनाया। जब छात्रा ने दो टूक मना कर दिया और कहा कि वह कोई रिश्ता नहीं चाहती, तो युवक ने धमकी दे दी कि वह या तो खुद सुसाइड कर लेगा या फिर छात्रा की हत्या कर देगा। इस धमकी से डरकर छात्रा तुरंत अपने माता-पिता को फोन कर सारी घटना बताई।
माता-पिता इंदौर पहुंचे और बेटी के साथ खजराना थाने गए, जहां उन्होंने पूरी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी हितेश जेसवाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं (छेड़छाड़ और स्टॉकिंग) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जांच जारी है।