विवादित अभिनेता और सोशल मीडिया पर चर्चित कमाल राशिद खान, जिन्हें KRK के नाम से जाना जाता है, अब गंभीर कानूनी मुश्किल में फंस गए हैं। मुंबई पुलिस ने उन्हें शुक्रवार को ओशिवारा इलाके में एक रिहायशी इमारत पर फायरिंग के मामले में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 18 जनवरी की रात को अंधेरी (पश्चिम) स्थित ओशिवारा की एक आवासीय बिल्डिंग में दो गोलियां लगी मिलीं, जिसके बाद ओशिवारा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान KRK ने स्वीकार किया कि फायरिंग उनकी लाइसेंसी प्राप्त बंदूक से हुई थी।
KRK ने पूछताछ में अजीबोगरीब सफाई दी। उनका कहना है कि उन्होंने बंदूक की कार्यक्षमता जांचने के लिए उसे मैंग्रोव जंगल की ओर फायर किया था, ताकि किसी को कोई नुकसान न पहुंचे। लेकिन हवा के झोंके के कारण गोलियां बिल्डिंग तक पहुंच गईं। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनका कोई इरादा किसी को चोट पहुंचाने का नहीं था। इस घटना में किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है, हालांकि इलाके में लोगों में दहशत फैल गई थी।
मुंबई पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी बंदूक को जब्त कर लिया है। जांचकर्ता अब यह पता लगा रहे हैं कि क्या KRK ने लाइसेंस की शर्तों का पालन किया, फायरिंग के समय सुरक्षा नियमों का ध्यान रखा गया या नहीं। बैलिस्टिक जांच, घटनास्थल का निरीक्षण और गवाहों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रिहायशी इलाके में हथियार से फायरिंग करना, चाहे लापरवाही से ही क्यों न हो, एक गंभीर अपराध है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।