पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में गणतंत्र दिवस से ठीक पहले रेलवे ट्रैक पर धमाके की घटना सामने आई है। यह धमाका सरहिंद क्षेत्र के खानपुर गांव के निकट रेलवे लाइन पर शुक्रवार रात लगभग 10 बजे हुआ, जब एक मालगाड़ी वहां से गुजर रही थी।
धमाके के कारण रेलवे पटरी का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और मालगाड़ी के लोको पायलट को चोटें आईं, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है तथा सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। लगभग 14 घंटे बाद ट्रैक पर ट्रेनों की आवाजाही बहाल हो गई।
रोपड़ रेंज के डीआईजी नानक सिंह ने बताया कि धमाका रात 9:50 बजे के आसपास हुआ। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कोई बड़ा विस्फोट नहीं था, बल्कि छोटा-सा धमाका था। उनके अनुसार, इस घटना से न तो रेलवे ट्रैक को कोई बड़ा नुकसान पहुंचा है और न ही मालगाड़ी के इंजन को। लोको पायलट के गाल पर मामूली चोट आई है।
पंजाब पुलिस वैज्ञानिक तरीके से जांच कर रही है और अन्य जांच एजेंसियों के साथ समन्वय बनाए हुए है। पुलिस का दावा है कि मामले को जल्द ही सुलझा लिया जाएगा।